भाभी बोली "मनोज मेरा पति है": सिर पर सेहरा, हाथों में मेंहदी, लेकिन नहीं चढ़ सका दूल्हा घोड़ी भाभी की धमाकेदार एंट्री और टूट गयी शादी
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 06 Dec, 2024
- 605
मुख्य संपादक -ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 06 दिसंबर। शादी का सपना संजोए एक युवक का दूल्हा बनने का ख्वाब उस समय चकनाचूर हो गया, जब उसकी भाभी ने पुलिस के साथ आकर शादी रुकवा दी। यह घटना महराजगंज के नौतनवा थाना क्षेत्र की है, जहां शादी की तैयारियों के बीच बारात आने से पहले ही यह घटना चर्चा का विषय बन गई।
भाभी बोली, 'मनोज मेरा पति है'
गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र निवासी मनोज पासवान (30) की शादी नौतनवा थाना क्षेत्र की एक युवती से तय हुई थी। 4 दिसंबर को बारात आनी थी और दुल्हन पक्ष ने पूरी तैयारी कर रखी थी। माहौल खुशियों से सराबोर था। लेकिन बारात से पहले दूल्हे की विधवा भाभी गोरखपुर पुलिस को लेकर दुल्हन के घर पहुंची।
भाभी ने शादी रुकवाते हुए दावा किया, "मनोज पासवान मेरा पति है। उससे शादी करने की कोशिश भी मत करना, वरना अंजाम बहुत बुरा होगा।" यह सुनते ही दुल्हन पक्ष के होश उड़ गए।
नौतनवा थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गोरखपुर की शाहपुर पुलिस ने जो दस्तावेज पेश किए, उनके अनुसार दूल्हा पहले से शादीशुदा है और उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना (डीपी एक्ट) का मामला भी दर्ज है। इसी कारण शाहपुर पुलिस ने शादी रुकवाने के लिए कार्रवाई की।
शादी की तैयारियां धरी रह गईं
भाभी के इस दावे और पुलिस की कार्रवाई के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी रोक दी। जो माहौल खुशियों से भरा हुआ था, वह मातम में बदल गया। दुल्हन पक्ष की पूरी तैयारी धरी रह गई, और बारात के बिना ही शादी की उम्मीदें टूट गईं।
फिलहाल, नौतनवा थाने पर भी दूल्हे की भाभी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

